एसपी अंकुर अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर पुलिसकर्मियों को दिलाई शपथ, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का किया आह्वान
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइंस सीतापुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ध्वज के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण एवं पुलिस झंडा प्रतीक पिन लगाने की परंपरा का निर्वहन किया गया। एसपी ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस के ध्वज को सर्वश्रेष्ठ पुलिस बल बनाने के लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को पूरी ऊर्जा, अटूट विश्वास और उच्च व्यावसायिक निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस का ध्वज संकल्प, कर्तव्य और लक्ष्य का सदैव स्मरण कराता है। पुलिस की शक्ति निर्बलों की रक्षा, सामर्थ्य अपराध के उन्मूलन और प्रत्येक कार्रवाई न्याय की गरिमा बनाए रखने के लिए समर्पित रहनी चाहिए। साथ ही कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके सहयोगियों को पुलिस झंडा दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन/सदर, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
