समय से कार्य पूरा न होने पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी
धारा लक्ष्य समाचार
शफीक अहमद
सीतापुर। राजागणपति आर ने बुधवार को जनपद में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों एवं गौवंश आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने आरआरडीसीए कृषि विज्ञान केन्द्र कटिया-द्वितीय, सीतापुर में निर्माणाधीन सेमिनार हॉल, यंत्रशाला, भंडार गृह, थ्रेशिंग फ्लोर, हाइड्रोपोनिक इकाई तथा मुख्य द्वार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने महिला थाना के प्रशासनिक भवन में चल रहे सिविल कार्य एवं बाउंड्रीवाल निर्माण का निरीक्षण किया। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य समय से पूर्ण नहीं किया गया तो संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने विकास खंड बिसवां की ग्राम पंचायत तेन्दुआ स्थित अस्थायी गौवंश आश्रय स्थल का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पशुओं के पंजीकरण रजिस्टर का अवलोकन कर गौवंशों की संख्या की जानकारी ली तथा भूसा, हरा चारा और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन गौवंशों की जियोटैगिंग अभी तक नहीं हुई है, उनकी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
