Sitapur UP: भूमिजा प्रेक्षागृह में एआरपी व एसआरजी कार्यशाला आयोजित

विद्यालयों को निपुण बनाने पर जोर, एआई आधारित शिक्षण रणनीतियों पर मंथन

धारा लक्ष्य समाचार 

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। राजागणपति आर की उपस्थिति में बुधवार को खैराबाद स्थित भूमिजा प्रेक्षागृह में समस्त एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) एवं राज्य संसाधन समूह (एसआरजी) के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों में सहयोगात्मक पर्यवेक्षण को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाना रहा।

कार्यशाला में विद्यालय भ्रमण के दौरान आने वाली चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनके व्यावहारिक समाधान तय किए गए। तकनीकी सत्रों में बहुस्तरीय कक्षाओं की समस्याओं, प्रभावी कक्षा प्रबंधन तथा डेटा एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग से ब्लॉक स्तर की शैक्षिक प्राथमिकताओं को शिक्षकों तक पहुंचाने की रणनीति पर विशेष मंथन हुआ।

जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने एआरपी की भूमिका को शिक्षा गुणवत्ता सुधार के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें अकादमिक नेतृत्व प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षक डायरी के नियमित अवलोकन, निपुण तालिकाओं के सतत अद्यतन, साप्ताहिक आकलन ट्रैकर के उपयोग तथा विद्यालयों के भौतिक परिवेश को आकर्षक एवं शिक्षणोपयोगी बनाने पर बल दिया।

उन्होंने सभी एआरपी को मध्यम श्रेणी के विद्यालयों को गोद लेकर उन्हें निपुण विद्यालय की श्रेणी में लाने का आह्वान किया। इसके लिए प्रत्येक एआरपी द्वारा चयनित विद्यालयों की कार्ययोजना तैयार कर खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से त्रैमासिक समीक्षा कराए जाने की बात कही गई।

कार्यशाला में जनपदीय एसआरजी टीम, निपुण सेल टीम, जिला समन्वयक (निपुण) एवं जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) ने शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन, उपचारात्मक शिक्षण, डेटा आधारित योजना निर्माण एवं सतत निगरानी की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन राज शर्मा ने किया जबकि अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने सभी प्रतिभागियों व अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related posts