धारा लक्ष्य समाचार पत्र कुलदीप शर्मा
जनपद बाराबंकी की तहसील हैदरगढ़ में शुक्रवार को सादगी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए इंधन बचत एवं पैदल चलने के संदेश से प्रेरित होकर उप जिलाधिकारी हैदरगढ़ राजेश विश्वकर्मा ने अपने दैनिक कार्यों में भी इसका पालन करते हुए पैदल चलकर कार्यालय पहुंचने का निर्णय लिया।
उप जिलाधिकारी राजेश विश्वकर्मा शुक्रवार सुबह अपने आवास से पैदल चलकर तहसील कार्यालय पहुंचे। इसके बाद दिनभर कार्यालय में प्रशासनिक कार्यों का निस्तारण करने के उपरांत वह पुनः पैदल ही अपने आवास के लिए रवाना हुए। उनके इस कदम ने न केवल प्रशासनिक कर्मचारियों बल्कि आम जनमानस को भी प्रेरित किया।
एसडीएम के इस सादगीपूर्ण व्यवहार और अनुशासनप्रिय कार्यशैली की तहसील परिसर में दिनभर चर्चा होती रही। कर्मचारियों ने कहा कि उच्च पद पर होने के बावजूद उनका इस प्रकार सामान्य जीवनशैली अपनाना समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यदि अधिकारी और आम नागरिक इसी प्रकार इंधन की बचत और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होंगे तो इससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
उप जिलाधिकारी राजेश विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा समय-समय पर इंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर दिए गए संदेशों को सभी लोगों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर देशहित में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
एसडीएम के इस कदम से तहसील कर्मचारियों और क्षेत्रीय लोगों में उत्साह देखने को मिला तथा लोगों ने इसे प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ सामाजिक जागरूकता का भी उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
