धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चंडीगढ़। देश में ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में हरियाणा सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री Narendra Modi के आह्वान और मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini के निर्देश पर हरियाणा सरकार लगातार सरकारी संसाधनों के सीमित और प्रभावी उपयोग की दिशा में कार्य कर रही है।
इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री Ranbir Gangwa ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHE) और लोक निर्माण विभाग (PWD) में उपयोग हो रहे सरकारी वाहनों की संख्या में कटौती करने का निर्णय लिया है। मंत्री रणबीर गंगवा ने PHE विभाग से 9 तथा PWD विभाग से 8 सरकारी वाहनों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने के आदेश जारी कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार ये वाहन विभागीय मुख्यालयों एवं संबंधित कार्यालयों में उपयोग किए जा रहे थे। इसके अतिरिक्त मंत्री रणबीर गंगवा ने अपने काफिले में चलने वाली पायलट गाड़ी को भी हटवा दिया है।
सरकार का मानना है कि वाहनों की संख्या कम होने से ईंधन की बचत होगी, अनावश्यक खर्चों में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह कदम सरकारी कार्यप्रणाली में सादगी और जवाबदेही का संदेश भी देगा।
हरियाणा सरकार द्वारा उठाए गए इस फैसले को प्रशासनिक सुधार और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों को भी आवश्यकता के अनुसार सीमित वाहनों के उपयोग के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
