जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड रायबरेली के गौरवशाली 120 वर्ष पूर्ण होने पर बैंक परिवार द्वारा सेवानिवृत्त एवं वर्तमान कार्यरत अधिकारी कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण एवं उल्लेखनीय योगदान हेतु सम्मानित किया गया। इस विशेष अवसर पर अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक रायबरेली विवेक विक्रम सिंह द्वारा अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानितकिया गया तथा उनके मनोबल एवं कार्यनिष्ठा के प्रति मुक्तकंठ से सराहना की गई।
साथ ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में रात्रि भोज का भी आयोजन किया गया।जिला सहकारी बैंक के इतिहास में संभवतः यह प्रथम अवसर रहा, जब बैंक के अधिकारी कर्मचारियों के उनके उत्कृष्ट योगदान को इस प्रकार सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर उन्हें नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान की गई। अध्यक्ष महोदय की इस अभिनव पहल से समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों में उत्साह, गौरव एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति का वातावरण व्याप्त है तथा भविष्य में और अधिक समर्पण एवंप्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प सुदृढ़ हुआ है।
वित्तीय वर्ष में जिला सहकारी बैंक रायबरेली द्वारा लगभग ₹3.50 करोड़ का शुद्ध लाभ अर्जित किया गया, जो बैंक की सुदृढ़ कार्यप्रणाली, टीम भावना एवं प्रभावी नेतृत्व का परिचायक है।अपने संबोधन में अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि बैंक परिवार आगामी वित्तीय वर्ष में और अधिक परिश्रम, पारदर्शिता एवं सामूहिक प्रयासों के बल पर नये कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा रिकॉर्ड लाभ अर्जित कर सफलता का नया अध्याय लिखेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रेरणादायी नेतृत्व एवं कर्मचारी-हितैषी सोच की सराहना की गई।
