Raibareli up:तीन साल से अधर में हलोर सब्जी मंडी का कायाकल्प, 40 लाख मंजूर फिर भी नहीं शुरू हुआ निर्माण।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार 

महराजगंज, रायबरेली।
महराजगंज क्षेत्र स्थित हलोर सब्जी मंडी में बुनियादी सुविधाओं के अभाव और जलभराव की समस्या को लेकर व्यापारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मंडी के विकास और सुधार के लिए 40 लाख रुपये का बजट स्वीकृत होने के बावजूद पिछले तीन वर्षों से निर्माण कार्य शुरू न होने पर व्यापार मंडल ने नाराजगी जताई है।व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप पटेल ने बताया कि मंडी परिसर में हर वर्ष जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

बारिश के दौरान मंडी में पानी भर जाने से व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान खराब हो जाता है, वहीं ग्राहकों और आम लोगों को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि व्यापारियों द्वारा लंबे समय से मंडी में प्लेटफॉर्म निर्माण और जमीन ऊंची करवाने की मांग की जा रही है, ताकि जलभराव की समस्या से स्थायी निजात मिल सके। इसी मांग को लेकर 23 अप्रैल 2024 को व्यापार मंडल की ओर से राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा गया था।मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य मंत्री ने मंडी सचिव को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इसके बाद विभागीय टीम ने मंडी परिसर का निरीक्षण कर नाप-जोख की और निर्माण कार्य का एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा था। व्यापारियों का कहना है कि मंडी के कायाकल्प के लिए 40 लाख रुपये की धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं कराया गयाl

व्यापारियों का आरोप है कि फाइलें विभागीय दफ्तरों में घूम रही हैं और जिम्मेदार अधिकारी उदासीन बने हुए हैं। इससे मंडी के व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है।सोमवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप पटेल ने डाक के माध्यम से राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को एक और ज्ञापन भेजकर मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि मंडी में जलभराव की समस्या समाप्त हो सके और व्यापारियों को राहत मिल सके।

Related posts