Raybareli news: हाईवे पर कांग्रेस नेता की स्कॉर्पियो पर हमला, दबंगों ने की तोड़फोड़ व मारपीट

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात दबंगों ने कांग्रेस नेता और उनके समर्थकों पर जानलेवा हमला कर दिया। शक्ति नगर स्थित लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर हुई इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है।

कांग्रेस से जुड़े विपिन यादव अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे। आरोप है कि शक्ति नगर के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली और हमला बोल दिया। हमलावरों ने स्कॉर्पियो में जमकर तोड़फोड़ की तथा उसमें सवार लोगों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हो गए।

पीड़ित विपिन यादव ने आरोप लगाया कि महाराजगंज थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर मुकेश, उसके भाई अभिषेक और अन्य अज्ञात लोगों ने घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उन पर जानलेवा हमला हो चुका है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर जांच कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts