Chandigadh hariyana News: सरकारी अस्पतालों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करें अधिकारी : डॉ. सुमिता मिश्रा

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

चंडीगढ़। हरियाणा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में अनुशासन, जवाबदेही और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन को निर्देश देते हुए कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होनी चाहिए। अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पतालों की साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता, दवाओं की उपलब्धता तथा आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव में किसी भी प्रकार की ढिलाई गंभीरता से ली जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय की जाएगी और जहां भी मानकों में कमी पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने चेतावनी देते हुए कहा कि विभाग की ओर से अस्पतालों का औचक निरीक्षण और छापेमारी लगातार की जाएगी। निरीक्षण के दौरान यदि लापरवाही, अव्यवस्था या मरीजों के प्रति उदासीनता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मरीजों की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए तथा अस्पतालों में आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। डॉ. मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और आमजन को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

Related posts