धारा लक्ष्य समाचार पत्र
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा स्थित शिवाला रामकुंडी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में आमजन से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने सड़क, बिजली, पानी, पेंशन, राजस्व, शिक्षा और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 338 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जब कोई नागरिक अपनी समस्या लेकर कार्यालय में आता है तो उसकी शिकायत को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध तरीके से उसका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को एक ही शिकायत के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रशासन को जनहितकारी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने लोगों से संवाद करते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
