धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। जनपद बाराबंकी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए योगी सरकार की एंटी करप्शन टीम ने तहसील हैदरगढ़ क्षेत्र में तैनात एक लेखपाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम आरोपी लेखपाल को पकड़कर कोठी थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, तहसील हैदरगढ़ के सिद्धौर परगना क्षेत्र में तैनात लेखपाल अमित कनौजिया लंबे समय से रिश्वतखोरी को लेकर चर्चा में थे। बताया जा रहा है कि वह किसानों और आम लोगों से राजस्व संबंधी कार्यों के नाम पर मोटी रकम की मांग करते थे। आरोप है कि बिना पैसे लिए कोई कार्य नहीं किया जाता था, जिससे क्षेत्र के किसान काफी परेशान थे।
सूत्रों के अनुसार आरोपी लेखपाल अमित कनौजिया मृतक आश्रित कोटे से नौकरी में आए थे। उनके पिता की मृत्यु के बाद उन्हें लेखपाल पद पर नियुक्ति मिली थी। वह मूल रूप से नवाबगंज तहसील क्षेत्र के नानमऊ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि एक पीड़ित किसान ने लेखपाल द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। शिकायत के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए।
एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। तहसील परिसर में दिनभर इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा। वहीं, मामले में तहसील के उच्च अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।
फिलहाल आरोपी लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
