Barabanki UP: मिशन शक्ति केंद्र की पहल से पारिवारिक विवाद सुलझा, महिला को राजी-खुशी ससुराल भेजा गया

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बाराबंकी। थाना कोतवाली नगर पुलिस की सक्रिय पहल और मिशन शक्ति केंद्र की समझाइश से एक पारिवारिक विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया गया। मामले में आवेदक ने अपनी पुत्री को पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने के संबंध में थाना कोतवाली नगर में प्रार्थना पत्र दिया था।

प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में मामले को गंभीरता से लेते हुए मिशन शक्ति केंद्र की टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद महिला उप निरीक्षक सारिका देवी, महिला आरक्षी प्रीती तिवारी एवं महिला आरक्षी प्रीतू यादव द्वारा दोनों पक्षों को थाने बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि पति-पत्नी एवं परिवार के बीच घरेलू और पारिवारिक बातों को लेकर आपसी विवाद चल रहा था। मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक समझाया और आपसी संवाद के माध्यम से विवाद समाप्त करने की सलाह दी।

पुलिस टीम की समझाइश के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से सुलह-समझौते के लिए तैयार हो गए। इसके बाद आवेदक ने अपनी पुत्री को पति, ससुर एवं ननद के साथ राजी-खुशी ससुराल भेज दिया।

मामले के शांतिपूर्ण निस्तारण पर आवेदक ने थाना कोतवाली नगर पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

कोतवाली नगर पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जा रहा है, ताकि परिवारों में सौहार्द बना रहे और महिलाओं को न्याय मिल सके।

Related posts