जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना चंदापुर थाना क्षेत्र के चिरैंधा गांव की है। बताया जाता है कि पूरे चिरैंधा मजरे ताजुद्दीनपुर निवासी रामकेश और सूरजपाल के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। शनिवार रात करीब नौ बजे दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पहले विवाद कहासुनी तक सीमित रहा, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
अचानक हुई मारपीट से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।संघर्ष में एक पक्ष के बृजेश, रामकेश और चंदा देवी घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष के सूरजपाल, राजेश और राकेश को भी गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
