Raybareli News: रायबरेली में ‘खाकी’ और प्रशासन को खुली चुनौती: दबंग ने लेखपाल को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जान से मारने की धमकी से मचा हड़कंप

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

ऊंचाहार/रायबरेली। जनपद के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के पट्टी रहस कैथवल गांव में सरकारी कर्मचारी पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। राजस्व विभाग में तैनात एक हल्का लेखपाल को गांव के एक दबंग युवक ने सरकारी कार्य के दौरान दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने लेखपाल को भद्दी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है, जबकि प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्का लेखपाल अपने क्षेत्र में राजस्व संबंधी कार्यों के निस्तारण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के एक रसूखदार कोटेदार के भतीजे ने किसी बात को लेकर उनसे अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने सरकारी कर्मचारी पर हमला बोल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दबंग युवक ने लेखपाल को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि यदि दोबारा गांव में दिखाई दिए तो जान से मार दिया जाएगा।

घटना के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर लेखपाल को आरोपी के चंगुल से बचाया। हमले में लेखपाल को चोटें भी आई हैं। पीड़ित कर्मचारी ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस और उच्चाधिकारियों से की है। शिकायत में आरोपी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि ड्यूटी कर रहे सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

भाजपा सरकार द्वारा कानून व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों के बीच सरकारी कर्मचारी पर हुए इस हमले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में दबंगों के बढ़ते हौसले और प्रशासनिक अधिकारियों पर हो रहे हमले स्थानीय व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस और प्रशासन आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।

Related posts