जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
Dhara lakshya samachar pvt Ltd Lucknow
रायबरेली। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। भदोखर थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में देर रात अवैध खनन की सूचना पर प्रशासनिक टीम ने छापेमारी कर खनन में प्रयुक्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया। कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर एसडीएम गौतम सिंह को क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही उन्होंने राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान खनन कार्य में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी मशीन मौके से बरामद हुई, जिन्हें तत्काल कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई।इसके अलावा उत्तरपारा क्षेत्र में खनन कार्य की जांच के दौरान निर्धारित मानकों से अधिक खुदाई किए जाने की पुष्टि हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्ष पर अर्थदंड लगाए जाने की संस्तुति की गई है। प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई को अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।एसडीएम गौतम सिंह ने कहा कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शासन की मंशा के अनुरूप ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा।प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में खलबली मच गई है,
जबकि क्षेत्रीय लोगों ने अभियान को सराहनीय कदम बताते हुए इसे लगातार जारी रखने की मांग की है।
