Raybareli News: विश्व पर्यावरण दिवस पर गूंजा हरियाली का संदेश: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड महाराजगंज परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख राजकुमार ने पौधा रोपित कर किया।

इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, एडीओ पंचायत शिखर शुक्ला, सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) राजीव त्यागी, सिंचाई विभाग के अवर अभियंता समर भीम तथा पंचायत सचिव नितिन साहू सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधे लगाए।ब्लॉक प्रमुख राजकुमार ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं।

वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और तापमान वृद्धि जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृत्व, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक भावनात्मक प्रयास भी है।

उन्होंने लोगों से अपने परिवार और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि समय रहते पेड़ों की संख्या नहीं बढ़ाई गई।

तो आने वाले वर्षों में जल संकट, प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन जैसी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं। वृक्षारोपण से न केवल वातावरण शुद्ध होता है बल्कि जैव विविधता के संरक्षण में भी मदद मिलती है।

Related posts