Sitapur UP: विश्व पर्यावरण दिवस पर सीतापुर में वृहद वृक्षारोपण अभियान

“एक पेड़ माँ के नाम” थीम पर लगाए गए आम, आंवला, बहेड़ा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर सामाजिक वानिकी वन प्रभाग सीतापुर एवं जिला गंगा समिति द्वारा सैन्य भूमि प्लाट संख्या-10, नेपालापुर के निकट वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि जनपद में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ष अधिकाधिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ।

और आज जनपद में विकसित हो रहे हरे-भरे वृक्ष इस अभियान की सफलता के प्रमाण हैं। उन्होंने बच्चों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी का जागरूक होना सुखद संकेत है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए “एक पेड़ माँ के नाम” थीम पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी तहसीलों एवं विकास खंडों में भी वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आम, बहेड़ा, कनकचम्पा, आंवला सहित अनेक प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। वहीं मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा हरिशंकरी के अंतर्गत पीपल, पाकड़ और बरगद के पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों से वर्षाकाल में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा रोपित पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल भी अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान तथा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी एवं स्वयंसेवी संस्था समृद्धि फाउंडेशन की ओर से अपर्णा मिश्रा का विशेष योगदान रहा।

Related posts