जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पंचायत महराजगंज द्वारा जनसेवा एवं लोककल्याण की भावना से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरला साहू के नेतृत्व में नगरवासियों को भीषण गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से कई वार्डों में शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर फ्रीजर का उद्घाटन किया गया। इनमें दो स्थानों पर सोलर पैनल आधारित आधुनिक फ्रीजर लगाए गए, जबकि तीन अन्य वार्डों में भी फ्रीजर स्थापित कर आम नागरिकों के लिए निःशुल्क शीतल जल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के तहत नगर पंचायत अध्यक्ष एवं प्रतिनिधिमंडल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए फल वितरित किए। मरीजों एवं उनके परिजनों ने इस मानवीय पहल के लिए नगर पंचायत का आभार व्यक्त किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सरला साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री योगीआदित्यनाथ के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के रूप में मनाने का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहायता एवं सुविधाएं पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि जनकल्याण के ऐसे कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।इस अवसर पर डॉ. अनिल भारद्वाज, सभासद जमुना प्रसाद, नूरुल हसन, विजय धीमान, विनीत वैश्य, धर्मेंद्र वर्मा, मोहम्मद मुश्ताक, यमुना प्रसाद सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
