धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज/रायबरेली। ज्येष्ठ माह के छठे मंगलवार के अवसर पर नगर एवं क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन एवं भंडारों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
रायबरेली रोड स्थित हनुमानगढ़ी में ज्ञान प्रकाश जायसवाल द्वारा बड़े बाबा के स्थान पर विशेष पूजा-अर्चना एवं भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं बछरावां रोड पर अमर उजाला प्रतिनिधि के आवास प्रांगण में सभासद अनुपमा पाण्डेय एवं किशू पाण्डेय के सहयोग से भंडारा आयोजित हुआ। इंडियन बैंक के राजेश मिश्रा ने भी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था कराई।नगर पंचायत कार्यालय परिसर में सफाई नायकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसके अलावा सारीपुर गांव कृष्ण गोपाल श्रीवास्तव के दरवाजे हनुमान मंदिर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें हवन पूजन कर प्रसाद वितरण किया गया हजारों की संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया महराजगंज-हैदरगढ़ रोड, इन्हौना रोड, चंदापुर रोड तथा बछरावां मुख्य मार्ग सहित कई स्थानों पर हवन-पूजन और भंडारों का आयोजन हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सभी कार्यक्रमों में नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजनकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, सहयोग और जनसेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं।उधर क्षेत्र के मऊ बाजार में वरिष्ठ व्यवसायी ललित गुप्ता ने अपने प्रतिष्ठान परिसर स्थित शिव मंदिर में भंडारे का आयोजन कराया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।पूरे दिन क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा तथा विभिन्न धार्मिक आयोजनों में लोगों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली।
