धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता क्रेज लोगों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है। ताजा मामला गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के अटौरा बुजुर्ग गांव का है, जहां एक युवक बिना किसी सुरक्षा उपकरण के बिजली के खंभे पर चढ़कर रील बनाता नजर आया। युवक ने खुद ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अपलोड किया,
जिसके बाद यह चर्चा का विषय बन गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि रील बनाने के लिए इस तरह जान जोखिम में डालना किसी बड़े हादसे को दावत देने जैसा है। खास बात यह है कि इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले बिजली विभाग का एक संविदा लाइनमैन विद्युत कार्य के दौरान खंभे से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर करना पड़ा था।
इसके बावजूद युवक द्वारा बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के ऊंचे बिजली के खंभे पर चढ़कर वीडियो बनाना लापरवाही माना जा रहा है। लोगों ने ऐसे खतरनाक स्टंट और रीलबाजी पर रोक लगाने तथा युवाओं से सोशल मीडिया की लोकप्रियता के लिए अपनी जान जोखिम में न डालने की अपील की है।
