जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। सरेनी थाना क्षेत्र के माधौपुर गांव स्थित पूरे जब्बर मजरे में पोस्टर लगाने को लेकर हुए विवाद में दलित परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने समाजवादी पार्टी से जुड़े कुछ लोगों पर घर में घुसकर हमला करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित प्रेम शंकर उर्फ बेला पासी एवं हिमांशु पासी ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि गांव में पोस्टर चिपकाने का विरोध करने पर कुछ लोग आक्रोशित हो गए। आरोप है कि इसके बाद लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से लैस कई लोग उनके घर में घुस आए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए बेरहमी से मारपीट की।
पीड़ितों का कहना है कि हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और जान से मारने का प्रयास किया गया।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी गई तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम के तहत कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, इस संबंध में सरेनी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
