धारा लक्ष्य समाचार पत्र
त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोलाहदा में मंगलवार को पंचायत भवन पर महिला चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान कंचन गुप्ता ने की। इस अवसर पर हैदरगढ़ पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में महिलाओं को जागरूक किया गया।
महिला चौपाल में कोतवाली हैदरगढ़ से पहुंची महिला सिपाही इंदु यादव एवं अंशिका सहित उपनिरीक्षक रणजीत सिंह यादव, सिपाही कुलदीप और मानविंदर ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से किसी भी प्रकार की उत्पीड़न, छेड़छाड़ या घरेलू हिंसा की घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा के महत्व को समझने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया गया। ग्राम प्रधान कंचन गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस दौरान ग्राम पंचायत की ओर से मनोरमा बाजपेई, नीतू सिंह, अंकिता श्रीवास्तव, शकुंतला देवी, शर्मा देवी, पुष्पा शुक्ला, उषा देवी, किरण गुप्ता, दुर्गेश सिंह, शिवशरण दीक्षित तथा प्रधान प्रतिनिधि रंजीत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
महिला चौपाल का समापन महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाने के संकल्प के साथ किया गया।
