जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार
महराजगंज/रायबरेली। प्राचीन एवं पावन शिवधाम दानेश्वर धाम बुधवार को भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। भगवान भोलेनाथ के जयघोष, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तों की श्रद्धा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 4399 दिन पूर्ण होने के अवसर पर राष्ट्र, प्रदेश एवं जनकल्याण की मंगलकामना के लिए विशेष रुद्राभिषेक एवं पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने भगवान दानेश्वर महादेव का विधि-विधान से दुग्ध, जल, बेलपत्र एवं अन्य पूजन सामग्रियों से अभिषेक कर देश की सुख-समृद्धि, अखंडता तथा नागरिकों के कल्याण की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक आचार्यों द्वारा रुद्र सूक्त, शिव स्तुति एवं वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य तथा राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करने की प्रार्थना की।इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि भगवान भोलेनाथ समस्त सृष्टि के कल्याणकर्ता हैं और उनकी कृपा से ही राष्ट्र उन्नति के पथ पर अग्रसर रहता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आज का यह रुद्राभिषेक राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विश्व शांति की भावना को समर्पित है।उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में राष्ट्रसेवा को ईश्वरसेवा के समान माना गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसेवा को अपना जीवन लक्ष्य बनाया है। उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन के लिए भगवान शिव से प्रार्थना करना करोड़ों देशवासियों की भावना का प्रतीक है। महादेव की कृपा से भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू ने कहा कि दानेश्वर धाम सदियों से श्रद्धा, विश्वास और आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। इस पावन धाम में आयोजित रुद्राभिषेक के माध्यम से लोगों ने प्रधानमंत्री की दीर्घायु के साथ-साथ राष्ट्र की समृद्धि, सामाजिक सौहार्द और जनकल्याण की भी कामना की है। भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद देश और समाज को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू, जिला महामंत्री शरद सिंह, महराजगंज मंडल अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, बछरावां मंडल अध्यक्ष मान रावत, प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ‘दद्दू’, जुगन तिवारी, राजकुमार सिंह ‘मोंगा’,
भोलू सिंह, शिवम तिवारी, उमेश कुमार ‘कुन्नू’, सूर्य प्रकाश वर्मा, सुरेंद्र सिंह ‘दाढ़ी’, डॉ. माताफेर सिंह, वीरेंद्र सिंह, मोहित सिंह, पंकज श्रीवास्तव, शिवरामण सिंह, राघवेंद्र सिंह, विनीत वैश्य, नूरुल हसन, मनीष सिंह, धर्मेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूजन-अर्चन के उपरांत श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में भाग लिया। घंटा-घड़ियाल और वैदिक मंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य, शांति और समृद्धि की कामना की गई। देर शाम तक दानेश्वर धाम का वातावरण भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना से ओतप्रोत बना रहा। :::
