कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी पहुंचे सभासद।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जनहित के मुद्दों को उठाना और अवैध अतिक्रमण की शिकायत करना एक महिला सभासद को भारी पड़ गया। आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते दबंगों ने घर में घुसकर महिला सभासद के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बावजूद स्थानीय पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
मामला मिल एरिया थाना क्षेत्र के चक दौरहरा गांव का है। वार्ड संख्या-5 की सभासद सुनीता पाल ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव की निवासी चंद्रकाली पत्नी परमेश्वर चुनाव में उनकी प्रतिद्वंद्वी थीं। चुनाव में हार के बाद से विपक्षी पक्ष उनके द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न कर रहा है।
सभासद का आरोप है कि गांव के सामाजिक तालाब पर अवैध अतिक्रमण किए जाने की शिकायत ग्रामीणों ने उनसे की थी। इसके बाद उन्होंने नगर पालिका को कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया। शिकायत की जानकारी होने पर विपक्षी पक्ष नाराज हो गया।पीड़िता के अनुसार, बीते 6 जून को वह अपने चाचा के घर के बाहर बैठी थीं,
तभी आरोपित पक्ष के कई लोग एकजुट होकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग सहित साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराए गए, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी थाना स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
कार्रवाई न होने से नाराज वार्ड के कई सभासद पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी आर.पी. यादव के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि एक निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोगों की निगाहें पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
