बारिश में बढ़ सकता है बड़ा खतरा, शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। शहर के त्रिपुला पावर हाउस क्षेत्र अंतर्गत पहलवान वीर बाबा मंदिर के निकट शर्मा मार्केट के पीछे स्थित एक मकान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन स्थानीय परिवार के लिए जानलेवा खतरा बन गई है। घर की दीवार और लोहे के एंगल से सटी हुई यह लाइन कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, लेकिन शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
मकान मालिक राम निहोर प्रजापति का आरोप है कि उनके घर के बाहर लगे लोहे के एंगल के बिल्कुल पास से 11 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर लाइन को सुरक्षित दूरी पर स्थानांतरित कराने की मांग की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।राम निहोर का कहना है कि उनके घर के बाहर बच्चे खेलते हैं और परिवार के सदस्य रोजमर्रा के कार्य करते हैं। ऐसे में हाईटेंशन लाइन के बेहद नजदीक होने से हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है।
उनका आरोप है कि रात के समय कई बार लाइन से चिंगारी निकलती दिखाई देती है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत सुरक्षा मानकों के अनुसार हाईटेंशन लाइन और मकान के बीच पर्याप्त दूरी होना आवश्यक है, लेकिन यहां लाइन मकान की दीवार से लगभग सटकर गुजर रही है। बरसात के मौसम में यदि लोहे के एंगल या दीवार में करंट प्रवाहित हो गया तो बड़ी जनहानि हो सकती है।
महुआ टीवी के संवाददाता ने इस संबंध में त्रिपुला पावर हाउस के एसडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते लाइन को हटाने या सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट करने की कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
फिलहाल पीड़ित परिवार और आसपास के लोग बिजली विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि विभाग संभावित खतरे को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करता है या किसी अनहोनी के बाद ही व्यवस्था जागती है।
