गंगा श्री प्रतियोगिता में विश्वनाथ यादव बने विजेता
वाराणसी। सरस्वती स्वीमिंग एसोसिएशन, दरभंगा घाट द्वारा आयोजित 90वीं वार्षिक तैराकी प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ शनिवार को हुआ। विश्व सुंदरी पुल से दरभंगा घाट तक आयोजित लगभग 12 किलोमीटर लंबी प्रतिष्ठित “गंगा श्री” तैराकी प्रतियोगिता में विश्वनाथ यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर गंगा श्री उपाधि हासिल की। सत्यम साहनी दूसरे तथा लाल चंद्र साहनी तीसरे स्थान पर रहे।
महिला ओपन रेस में रिया पटेल प्रथम, श्वेता साहनी द्वितीय और गायत्री तृतीय स्थान पर रहीं। विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में स्वस्तिक, सुयश कुमार गुप्ता, अखिलेश साहनी, आरीश चटर्जी, रुद्र किशोर चटर्जी, मानस शर्मा और अनन्या वर्मा ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का संचालन महासचिव नारायण चटर्जी ने किया तथा आयोजन का नेतृत्व अध्यक्ष डी.एस. चटर्जी ने किया। विजेताओं का पुरस्कार वितरण समारोह 14 जून को सायं 6 बजे दरभंगा घाट पर होगा, जिसकी मुख्य अतिथि डॉ. मीनाक्षी कात्यायन (आईपीएस), कमांडेंट 34वीं पीएसी बटालियन, वाराणसी होंगी।
