Raybareli News: बैनामे की भूमि विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, दबंगों पर गंभीर आरोप

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के बावत बुजुर्ग गांव में भूमि विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना महराजगंज में तहरीर देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित के अनुसार गांव निवासी अंकुश सिंह पुत्र रामसिंह (रामकरन), शिवकुमार पुत्र रमेश कुमार मौर्य तथा अन्य अज्ञात लोगों ने उसे पकड़कर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

आरोप है कि हमले में उसके पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने असलहा लगाकर जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़ित का कहना है कि विवाद बैनामे की भूमि को लेकर चल रहा है। संबंधित भूमि ग्राम बावत बुजुर्ग स्थित गाटा संख्या 2381 एवं 2300 से जुड़ी है, जिसका मामला एसडीएम न्यायालय महराजगंज में विचाराधीन है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष ने बंजर भूमि पर भी निर्माण कर रखा है, जिसकी पैमाइश राजस्व विभाग द्वारा कराई जा चुकी है और मामला अभी विचाराधीन है।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विपक्षी दबंग एवं आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जिसके कारण पीड़ित और उसका परिवार भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है। पीड़ित ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts