Raybareli News: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, न्याय की आस में डीएम-एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। ऊंचाहार थाना क्षेत्र की एक दलित महिला ने क्षेत्र के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने, मारपीट करने और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता शनिवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची तथा शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।

जानकारी के अनुसार, ऊंचाहार थाना क्षेत्र के कंदरावा गांव निवासी महिला का आरोप है कि मथन नामक युवक ने उसे विवाह का भरोसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी का उसके घर आना-जाना था और इसी दौरान उसने शादी का वादा कर उसका विश्वास जीता। बाद में युवक ने विवाह से इनकार कर दिया और अब दूसरी जगह शादी की तैयारी कर रहा है।

महिला का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की, मारपीट की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकियां दीं। पीड़िता का कहना है कि उसने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से भी की, लेकिन उसे अपेक्षित न्याय नहीं मिल सका।शनिवार को दोपहर करीब एक बजे पीड़िता जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।सूत्रों के अनुसार, मामले में पूर्व से मुकदमा दर्ज है और दोनों पक्षों के बयान भी लिए जा चुके हैं। इसके बावजूद पीड़िता का कहना है कि अब तक उसे न्याय नहीं मिला है।

वहीं आरोपी के दूसरी जगह विवाह की तैयारी की सूचना के बाद पीड़िता की चिंता और बढ़ गई है।फिलहाल, शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related posts