जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के सारस चौराहे पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला के प्रयागराज जाते समय उनके काफिले में शामिल एक कार की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सारस चौराहे के पास हुआ, जहां अचानक ट्रक और कारआमने-सामने आ गए। टक्कर के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच मामले को लेकर बातचीत और समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।सूचना मिलते ही मिल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ट्रक चालक तथा वाहन को अपने साथ थाने ले गई, जहां मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस दोनों पक्षों से जानकारी जुटा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते वाहन चालक ने नियंत्रण बनाए रखा, अन्यथा हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था।
व्यस्त चौराहे पर हुई इस घटना के बाद कुछ समय तक लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
