धारा लक्ष्य समाचार पत्र
हैदरगढ़, बाराबंकी। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) तहसील इकाई हैदरगढ़ के नेतृत्व में सोमवार को तहसील परिसर में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने की। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी राजेश कुमार विश्वकर्मा को सौंपा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान किसानों ने राजस्व एवं अन्य विभागीय मामलों में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद उपजिलाधिकारी राजेश कुमार विश्वकर्मा ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि तहसील में लंबित वादों और प्रकरणों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि वादकारी अपने अधिवक्ता के साथ उपस्थित होना चाहते हैं तो उनका स्वागत है, अन्यथा वे स्वयं उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकते हैं। संबंधित पक्षों की बात सुनकर उनकी समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
उपजिलाधिकारी के आश्वासन के बाद भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) द्वारा चलाया जा रहा धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
इस अवसर पर युवा मंडल उपाध्यक्ष सुनील सिंह, प्रेम शंकर वर्मा, तहसील उपाध्यक्ष मासूक खान, तहसील सचिव भरतलाल गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष त्रिवेदीगंज सचिन पांडे,
ब्लॉक अध्यक्ष हैदरगढ़ आदिल खान, महिला ब्लॉक अध्यक्ष मालती सिंह, ऊषा मौर्य, महिला नगर अध्यक्ष गुच्छन देवी, सुखदेई, रानी, फूलकली, राजन कुमार, लालू यादव, जग प्रसाद रावत, बृजमोहन रावत, कासीराम, रामबक्स, मदन मोहन, छोटेलाल, जैतून सहित सैकड़ों किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर किसानों ने “जय जवान, जय किसान” तथा “भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक किसान परिवार जिंदाबाद” के नारों के साथ संगठन की एकजुटता का प्रदर्शन किया।
