Barabanki UP: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज में अव्यवस्थाओं की चर्चा, सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

त्रिवेदीगंज, बाराबंकी। विकास खंड त्रिवेदीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इन दिनों अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में है। अस्पताल परिसर से जुड़ी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसके बाद स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

वायरल तस्वीर में फार्मेसी कक्ष के अंदर एक युवती दवा रखने वाली मेज पर बैठी दिखाई दे रही है, जबकि कुछ अन्य युवक वहां मौजूद होकर बातचीत और हंसी-मजाक करते नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद लोगों ने अस्पताल परिसर में अनुशासन और कार्यप्रणाली को लेकर चिंता व्यक्त की है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी नहीं हो रही है, जिससे कर्मचारियों और वहां आने-जाने वाले लोगों के बीच अनुशासनहीनता देखने को मिल रही है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ अनुशासित वातावरण भी आवश्यक है।

चर्चाओं के बीच यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मुकुंद पटेल अधिकांश समय अपने कार्यालय तक ही सीमित रहते हैं और अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण नहीं कर पाते हैं। हालांकि इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने के बाद क्षेत्र के लोगों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल परिसर में कार्य के दौरान अनुशासन का पालन नहीं हो रहा है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर वातावरण और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग वायरल तस्वीर और लगाए जा रहे आरोपों को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच कराता है तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए क्या कदम उठाता है।

Related posts