रिपोर्ट सुधीर शर्मा बाराबंकी
धारा लक्ष्य समाचार
त्रिवेदीगंज बाराबंकी। वन विभाग में तेज-तर्रार, निडर और निष्पक्ष कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले डिप्टी रेंजर अभय कुमार गौतम को हैदरगढ़ वन रेंज की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटान करने वालों में हड़कंप मच गया है। जिले में वन संरक्षण को लेकर बढ़ती चुनौतियों के बीच विभाग द्वारा यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार, जिले में तैनात प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) द्वारा हैदरगढ़ वन रेंज की कमान अभय कुमार गौतम को दी गई है। उनकी नियुक्ति के बाद से ही वन माफियाओं और अवैध रूप से पेड़ों की कटाई करने वालों में बेचैनी देखी जा रही है। विशेष रूप से विकास खंड त्रिवेदीगंज क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटान से जुड़े लोगों के बीच कार्रवाई की आशंका को लेकर चर्चा का माहौल है।
वन विभाग के सूत्रों का कहना है कि अभय कुमार गौतम अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। पूर्व में भी उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में तैनाती के दौरान अवैध कटान, वन संपदा की तस्करी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर अपनी अलग पहचान बनाई है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके नेतृत्व में हैदरगढ़ वन रेंज में वन संपदा की बेहतर सुरक्षा होगी तथा अवैध कटान पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमियों और जागरूक नागरिकों ने भी इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब जंगलों और हरित संपदा की रक्षा के लिए और अधिक सख्त कदम उठाए जाएंगे।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शासन की मंशा के अनुरूप वन संरक्षण, पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हैदरगढ़ वन रेंज में नई जिम्मेदारी मिलने के साथ ही डिप्टी रेंजर अभय कुमार गौतम से क्षेत्रवासियों को वन संरक्षण और अवैध कटान पर प्रभावी नियंत्रण की बड़ी उम्मीदें हैं।
