धारा लक्ष्य समाचार पत्र
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। तहसील हैदरगढ़ में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। समाधान दिवस में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी हैदरगढ़, क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी त्रिवेदीगंज सहित विभिन्न विभागों के तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, शिक्षा, विद्युत, पेयजल, भूमि विवाद, पेंशन एवं अन्य विभागों से संबंधित कुल 86 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 4 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु भेजा गया।
अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का एक ही स्थान पर सुनवाई कर उनका प्रभावी समाधान कराना है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करना चाहिए, जिससे जनता को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे और अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। प्रशासन द्वारा सभी शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
