धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। जगदीशपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियों से जुड़े मामले में पुलिस की जांच एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गंगेश पाठक की शिकायत पर दर्ज एफआईआर संख्या 158/2026 की विवेचना के संबंध में 11 नवंबर की आख्या में फेसबुक की चार आईडी का उल्लेख किया गया है। इनमें ‘कंगन चोर’, ‘ग्राम पंचायत मंगौली’, ‘दूध का दूध पानी का पानी’ और ‘वीरा पंडित’ शामिल हैं।
पुलिस की आख्या के अनुसार, ‘दूध का दूध पानी का पानी’ नामक फेसबुक आईडी के संबंध में अभी तक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। गंगेश पाठक का कहना है कि यह आईडी आज भी फेसबुक पर दिखाई दे रही है, लेकिन इसके संचालक का खुलासा नहीं हो सका है।
गंगेश पाठक के अनुसार, उन्होंने इस मामले में 20 अगस्त 2025 से शिकायतें शुरू की थीं और लगातार पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित कार्यालयों में प्रार्थनापत्र तथा डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध कराए। उनका कहना है कि 30 मई 2026 को उन्होंने विनोद तिवारी नामक फेसबुक आईडी से संबंधित स्क्रीनशॉट और डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को दिए थे,
लेकिन इसके बावजूद इस आईडी के संबंध में अलग से एफआईआर दर्ज किए जाने और निष्पक्ष तकनीकी जांच कराए जाने की जानकारी उन्हें नहीं दी गई। गंगेश पाठक ने सवाल उठाया कि एफआईआर संख्या 158 दर्ज होने से पहले तक विनोद तिवारी और अतुल तिवारी दोनों भाई अलग-अलग मामलों में गवाह बनते रहे, जबकि एफआईआर संख्या 158 में केवल विनोद तिवारी गवाह बने।
उन्होंने यह भी सवाल किया कि विनोद तिवारी की फेसबुक आईडी से संबंधित साक्ष्य दिए जाने के बाद भी उसकी भूमिका की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं कराई गई। विनोद तिवारी खाद्य एवं रसद विभाग में सहायक समीक्षा अधिकारी के पद पर सचिवालय में कार्यरत हैं। गंगेश पाठक का आरोप है कि एफआईआर संख्या 159/2026 में उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई,
लेकिन इस मामले में डिजिटल साक्ष्यों और फेसबुक से संबंधित तथ्यों की साइबर सेल से विस्तृत तकनीकी जांच कराए जाने की जानकारी उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। उनका कहना है कि पुलिस की ओर से इस मामले में बड़ी कार्रवाई और खुलासे की बात कही गई, जबकि उनके द्वारा उठाए गए तकनीकी सवालों का जवाब अब तक नहीं मिला है।
इस मामले में विवेचक निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मिश्रा की भूमिका को लेकर भी गंगेश पाठक ने सवाल उठाए हैं। एफआईआर संख्या 159/2026 में विवेचना के बाद निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने 31 अगस्त 2026 को आरोपपत्र संख्या ए-209 दाखिल किया था। इसके बाद उन्हीं की ओर से गंगेश पाठक की आईजीआरएस शिकायतों के संबंध में आख्या तैयार की गई,
जिसमें शिकायतों को एफआईआर संख्या 159 में आरोपपत्र दाखिल होने के बाद की गई प्रतिरक्षात्मक शिकायतें बताया गया। गंगेश पाठक का कहना है कि उनकी शिकायतें वर्ष 2025 से चल रही थीं और विनोद तिवारी की फेसबुक आईडी से संबंधित डिजिटल साक्ष्य भी 30 मई 2026 को उपलब्ध कराए गए थे। ऐसे में शिकायतों को प्रतिरक्षात्मक बताने पर उन्होंने सवाल उठाए हैं।
पुलिस आख्या में घर जाकर परिजनों से संपर्क करने और फोटो संलग्न किए जाने का भी उल्लेख है। इस पर गंगेश पाठक का कहना है कि पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे थे, उस समय वह घर के अंदर सो रहे थे। पुलिसकर्मियों ने दरवाजे पर फोटो खींची और वापस चले गए।
उनका कहना है कि केवल फोटो से यह साबित नहीं होता कि उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात या बातचीत की गई थी। गंगेश पाठक ने बताया कि उन्होंने 12 अक्टूबर 2026 को सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन देकर जांच से संबंधित अभिलेख, डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच और रिपोर्ट की जानकारी मांगी थी। सूचना नहीं मिलने पर 12 नवंबर 2026 को प्रथम अपील भी दाखिल की गई, लेकिन इसके बाद भी उन्हें मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं हुई।
उनका सवाल है कि सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और टिप्पणियों से संबंधित ऑडियो तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई या नहीं और यदि जांच की गई तो उसकी रिपोर्ट उन्हें क्यों नहीं दी गई। गंगेश पाठक का कहना है कि विनोद तिवारी नामक फेसबुक आईडी पर की गई टिप्पणियों की भाषा और शैली ‘कंगन चोर’ नामक आईडी पर की गई टिप्पणियों से मिलती-जुलती प्रतीत होती है। उन्होंने आशंका जताई कि इन आईडी के पीछे कोई एक ही व्यक्ति या संचालक हो सकता है।
उन्होंने मांग की कि जिन आईडी के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई है, उनके संचालकों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और आपसी संपर्कों की नियमानुसार जांच कर यह पता लगाया जाए कि पोस्ट और टिप्पणियां किसके कहने पर की गईं, उन्हें जानकारी कौन उपलब्ध करा रहा था तथा इन आईडी के पीछे कोई अन्य व्यक्ति या मास्टर ऑपरेटर तो नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, विवेचक महोदय द्वारा कथित तौर पर यह भी कहा गया कि अब ‘दूध का दूध पानी का पानी’ आईडी का खुलासा नहीं करेंगे और वे चाहें तो किसी को फंसा सकते हैं तथा किसी को बचा सकते हैं। गंगेश पाठक ने इस कथित बयान की भी जांच कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ऐसा बयान दिया गया है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि विवेचना की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।
गंगेश पाठक ने यह भी आशंका जताई कि 11 नवंबर की आख्या में जिस ‘दूध का दूध पानी का पानी’ फेसबुक आईडी के संचालक का खुलासा नहीं होने की बात कही गई है, कहीं उसका संचालन विनोद तिवारी और अतुल तिवारी दोनों भाइयों में से किसी एक द्वारा तो नहीं किया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में उनके पास कोई पुष्ट प्रमाण नहीं है और यह केवल उनकी आशंका है।
उन्होंने मांग की कि इस पहलू की भी निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कर वास्तविकता सामने लाई जाए। गंगेश पाठक ने पूरे प्रकरण की जांच किसी वरिष्ठ एवं स्वतंत्र अधिकारी से कराए जाने, सभी संबंधित फेसबुक आईडी, पोस्ट, टिप्पणियों, ऑडियो और डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच कराने तथा सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
उनका सवाल है कि वर्ष 2025 से चल रही शिकायतों और उपलब्ध कराए गए डिजिटल साक्ष्यों के बावजूद ‘दूध का दूध पानी का पानी’ आईडी के संचालक का पता अब तक क्यों नहीं लगाया जा सका और एफआईआर संख्या 159/2026 में साइबर सेल की तकनीकी जांच से संबंधित जानकारी क्यों उपलब्ध नहीं कराई गई।
मुझे आशंका है कि सोशल मीडिया पर संचालित इन फर्जी फेसबुक आईडी और उनसे संबंधित ऑडियो के पीछे जो कथित मास्टरमाइंड है, उसी ने मेरे विरुद्ध साजिश रचकर 1 अक्टूबर 2023 की रात हुए जानलेवा हमले को भी अंजाम दिलवाया था। इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी, लेकिन जगदीशपुर पुलिस आज तक इसका खुलासा नहीं कर पाई और संबंधित लोग गवाह भी बने।
मेरा आरोप है कि अब वही लोग अरुण कुमार गिरी के माध्यम से मेरे खिलाफ आवेदन दिलवा रहे हैं और आईजीआरएस पर शिकायतों से प्रशासन की रैंकिंग प्रभावित होने तथा अधिकारियों पर दबाव बढ़ने का तर्क दे रहे हैं, जबकि शिकायत करना प्रत्येक नागरिक का वैधानिक अधिकार है। मेरा मानना है कि फेसबुक आईडी के कथित मास्टरमाइंड का खुलासा होने पर इन सभी घटनाओं की कड़ियां सामने आ सकती हैं। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
