सुपर मार्केट में दुकान बंद कराने की धमकी देने का आरोप, जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। नगर कोतवाली क्षेत्र के सुपर मार्केट स्थित नगर पालिका कार्यालय के पास कचौड़ी की दुकान लगाने वाले दुकानदार ने खुद को पुलिस की वर्दी में बताने वाले व्यक्ति पर लगातार उत्पीड़न और धमकी देने का आरोप लगाया है। शनिवार को दुकान पर हुई कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।दुकानदार सौरभ का आरोप है कि एक व्यक्ति नियमित रूप से पुलिस की वर्दी पहनकर उसकी दुकान पर आता है और दुकान बंद कराने की धमकी देता है।
सौरभ के अनुसार उक्त व्यक्ति कई बार फूड विभाग में ऑनलाइन शिकायतें भी करा चुका है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है और उसका व्यापार प्रभावित हो रहा है।शनिवार दोपहर करीब दो बजे भी कथित वर्दीधारी व्यक्ति दुकान पर पहुंचा। दुकानदार का कहना है कि जब उसने उससे बातचीत करने की कोशिश की तो उसने कोई जवाब नहीं दिया और धमकी भरे अंदाज में वहां से चला गया।
इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दुकानदार ने आरोप लगाया कि वर्दी का रौब दिखाकर उसे रोजाना प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने मामले की शिकायत नगर कोतवाली में करने और कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सौरभ जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहता है। ऐसे में उसके साथ हो रही इस तरह की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो के बाद क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि आखिर एक दुकानदार को बार-बार निशाना क्यों बनाया जा रहा है।हालांकि, मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। यह भी जांच का विषय है कि संबंधित व्यक्ति वास्तव में पुलिसकर्मी है या नहीं तथा उसके द्वारा की जा रही कथित कार्रवाई के पीछे क्या कारण हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों ने नगर क्षेत्र में नई बहस छेड़ दी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आ सकेगी।
