Dhara Lakshya samachar pvt Ltd
हैदरगढ़, बाराबंकी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार, 21 जून 2026 को बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड, इकाई-हैदरगढ़ के कम्युनिटी हॉल में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग) रही, जिसके अनुरूप उपस्थित लोगों को योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ चीनी मिल के महाप्रबंधक बी.के. यादव ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) उपदेश शर्मा ने किया। योग शिविर में मिल के अधिकारी, कर्मचारी तथा उनके परिवारजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

योग शिविर का संचालन इन्फिनीट योग, नोएडा के योगाचार्य आनन्द कुमार एवं कु. दिव्यानी मित्तल के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं यौगिक क्रियाओं का अभ्यास कराया तथा योग को स्वस्थ, संतुलित एवं खुशहाल जीवन का आधार बताते हुए इसके नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। योगाचार्यों ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का भी प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर महाप्रबंधक बी.के. यादव ने योग शिविर में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और जीवन अनुशासित रहता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में दिलीप शुक्ल (गुरुजी), मनोज त्रिपाठी (महाप्रबंधक-इंजीनियरिंग), गिरिजेश लाल श्रीवास्तव (अपर महाप्रबंधक-वाणिज्य), योगेन्द्र कनौजिया (सहायक महाप्रबंधक-उत्पादन), विपिन कुमार सिंह (उप प्रबंधक-मानव संसाधन) सहित मिल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
योग शिविर का समापन स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और नियमित योगाभ्यास के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
