Raybareli News: रायबरेली में आग का कहर: घर में लगी भीषण आग, वृद्धा की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।खीरो थाना क्षेत्र अंतर्गत फिरोजाबाद गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां घर में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आने से एक वृद्धा की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद गांव निवासी 75 वर्षीय रामावती अपने घर में अकेली थीं।

इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। वृद्धा आग से बचने का प्रयास भी नहीं कर सकीं और लपटों के बीच फंस गईं। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि रामावती का पूरा शरीर जलकर राख हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। वृद्धा की दर्दनाक मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।सूचना पर पहुंची खीरो थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों के अनुसार रामावती बेहद सरल स्वभाव की महिला थीं और उनकी अचानक हुई मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं।

Related posts