धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के रायबरेली आगमन को लेकर गुरुवार को जीआईसी मैदान में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। PDA रथ यात्रा के तहत अखिलेश यादव के कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सपा कार्यकर्ता और समर्थक मैदान में पहुंचने लगे थे।कार्यक्रम स्थल पर उत्साह अपने चरम पर था कि तभी अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई।
मूसलाधार बारिश के बीच भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश से बचने के लिए कोई छाता थामे नजर आया तो कई कार्यकर्ता पार्टी के झंडे, बैनर और होर्डिंग सिर पर रखकर अपने नेता के इंतजार में मैदान में डटे रहे।बारिश लगातार तेज होती रही, लेकिन समर्थकों के कदम नहीं डिगे।
भीगते हुए भी कार्यकर्ता अखिलेश यादव के स्वागत के लिए मैदान में जमे रहे। पूरे मैदान में सपा समर्थकों के नारों और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यकर्ताओं का कहना था कि उनके नेता के प्रति सम्मान और पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पण किसी भी मौसम से बड़ा है।
इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने जोश से लबरेज होकर कहा कि “न आंधी की परवाह है, न तूफान की, समाजवादी पार्टी हर चुनौती का सामना करने को तैयार है।” बारिश के बीच मैदान में डटी भीड़ ने यह संदेश दिया कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं पड़ने वाली है।
बारिश से सराबोर जीआईसी मैदान में घंटों तक डटे रहे समर्थकों का उत्साह और इंतजार कार्यक्रम का सबसे चर्चित दृश्य बन गया। अखिलेश यादव के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में गजब का जोश और उत्साह देखने को मिला।
