जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
लालगंज (रायबरेली)। डलमऊ बाईपास पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार सरेनी थाना क्षेत्र के गजियापुर गांव निवासी सर्वेश मौर्य (40) पुत्र भिखारी लाल मौर्य अपने साथी आयुष मौर्य (22) पुत्र विजय मौर्य के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान डलमऊ बाईपास पर सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद सर्वेश मौर्य को मृत घोषित कर दिया,
जबकि गंभीर रूप से घायल आयुष मौर्य की हालत नाजुक देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिवार के लोगों ने सर्वेश को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ले जाने की बात कही और निजी वाहन से वहां रवाना हो गए। हालांकि चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने की पुष्टि की जा चुकी थी।
मृतक सर्वेश की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी शशि, बेटे तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है और लोग हादसे को लेकर स्तब्ध हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
