जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
सलोन (रायबरेली)। सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे हरवंश का पुरवा मजरे पाल्हीपुर ग्राम सभा में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने प्रेम प्रसंग में जहर देकर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
मृतका के पिता देशराज पुत्र जागेश्वर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री करिश्मा को राकेश पटेल, मिथुन पटेल तथा उनके रिश्तेदारों ने कथित रूप से जहर देकर मार डाला। परिजनों का यह भी दावा है कि मृतका गर्भवती थी। पुलिस ने इस संबंध में तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थिति बिगड़ने पर कोतवाल बालेंदु गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। इसके बाद अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक आरोपी के पिता को हिरासत में लिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
