रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। समाजवादी पार्टी की रैली से लौट रहे लोगों से भरी बोलेरो गुरुवार रात एक बड़े सड़क हादसे का शिकार हो गई। मिल एरिया थाना क्षेत्र के मलिकमऊ चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
हालांकि वाहन में सवार लोगों की किस्मत अच्छी रही और बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित जीआईसी मैदान में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यक्रम में शामिल होकर लोग बोलेरो से अपने घर लौट रहे थे।
जैसे ही वाहन मिल एरिया थाना क्षेत्र के मलिकमऊ चौराहे के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन सड़क पर ही रुक गया।
हादसे में बोलेरो में सवार दो लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कराया गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही मिल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
जांच के उपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं बोलेरो चालक और वाहन सवार थाना क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मलिकमऊ चौराहे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।
