Raybareli News: ऊंचाहार में करंट ने ली दो महिलाओं की जान, खेत के तार और घर के पंखे से हुए दर्दनाक हादसे

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को करंट लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों हादसों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांवों में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।पहली घटना सावाँपुर नेवादा गांव की है।

यहां 46 वर्षीय लाली सुबह बकरी चराने खेतों की ओर गई थीं। आरोप है कि पास के मुंडीपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने खेत के चारों ओर लगाए गए तार में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। इसी दौरान महिला करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गई।

ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचाहार पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।दूसरी घटना अलीनगर असकरनपुर गांव की है। यहां 37 वर्षीय कल्पना देवी की घर में लगे फर्राटा पंखे में अचानक करंट उतर आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पंखे को छूते ही उन्हें जोरदार करंट लगा,

जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में बिजली सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों ने खेतों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और बिजली सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

Related posts