जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।राही में थाना भदोखर और थाना डीह की सीमा पर स्थित भरतगंज बाजार के समीप रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने घर के सामने खड़ी एक पिकअप वाहन चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर वाहन बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, पीड़िता आरती प्रजापति की पिकअप (संख्या UP 33 AT 4189) घर के सामने खड़ी थी।
रविवार देर रात अज्ञात चोर वाहन लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह जब परिवार के लोग बाहर निकले तो पिकअप गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं लग सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही वाहन की तलाश में जुटी हुई है। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता आरती प्रजापति ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में नियमित और प्रभावी गश्त होती तो चोर इतनी आसानी से घर के सामने से वाहन चोरी कर नहीं ले जा पाते। उन्होंने जल्द से जल्द वाहन बरामद कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।घटना के बाद भरतगंज बाजार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
