जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिला कारागार परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में निर्मित स्मारक का रविवार को भव्य लोकार्पण किया गया। उत्तर प्रदेश के महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं पी.सी. मीणा ने दीप प्रज्वलित कर स्मारक का उद्घाटन किया तथा देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।स्मारक पर रायबरेली जनपद के 359 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम अंकित किए गए हैं,
जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान का परिचय दिया। इस अवसर पर महानिदेशक पी.सी. मीणा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। ऐसे स्मारक हमारी ऐतिहासिक विरासत को संजोने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार एवं जेल अधीक्षक प्रभात सिंह ने महानिदेशक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सेनानियों को नमन किया।
इस अवसर पर कारागार विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।
