Raybareli News: मुहर्रम जुलूस की रंजिश में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से मारपीट, पांच गंभीर रेफर

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। चंदापुर थाना क्षेत्र के खैरहना गांव में मुहर्रम जुलूस के दौरान हुए विवाद ने रविवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। देखते ही देखते दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार को मुहर्रम के जुलूस के दौरान गांव के अरमान ने शाकिर और शाबिर को मातमी माहौल में मजाक करने से मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। रविवार देर रात इसी विवाद के चलते रमजान, शाबिर और शाकिर ने कथित रूप से अरमान पर लाठियों से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।

घटना में एक पक्ष के अरमान, शाहरुख और मंजीत तथा दूसरे पक्ष के साबिर और शाकिर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अनिल भारद्वाज ने बताया कि दोनों पक्षों के पांच घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।

वहीं चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts