Raybareli News: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत, बेटा गंभीर घायल

डलमऊ के घुरवारा के पास हुआ दर्दनाक हादसा, चालक डंपर छोड़ फरार, पुलिस जांच में जुटी।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के घुरवारा के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मधुकरपुर निवासी सुनीता के रूप में हुई है।

वह अपने बेटे के साथ बाइक से कहीं जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक घुरवारा के पास पहुंची, पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और महिला डंपर के पहियों की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही डलमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Related posts