गांधी नगर वार्ड न0-3 के लोगों ने नगर पंचायत पर उपेक्षा का लगाया आरोप, जलभराव और कीचड़ से आवागमन हुआ मुश्किल।
धारा लक्ष्य समाचार
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज, रायबरेली। नगर पंचायत महराजगंज के वार्ड न0-3 गांधी नगर के मोहल्लेवासियों ने अधूरी इंटरलॉकिंग सड़क और जल निकासी की समस्या को लेकर उपजिलाधिकारी महराजगंज को शिकायती पत्र सौंपकर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि वर्ष 2017 में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य आज तक अधूरा पड़ा है, जिससे बरसात के दिनों में उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
शिकायत में बताया गया है कि जायसवाल मार्केट के पीछे स्थित मोहल्ले में श्रीधर जायसवाल के प्रतिष्ठान से लेकर सतीश साहू के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ था और बजट भी जारी किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया। आरोप है कि आधी-अधूरी सड़क बनाकर छोड़ दिए जाने से पूरा मार्ग कच्चा बना हुआ है और बारिश के दौरान जलभराव व कीचड़ के कारण लोगों का निकलना दूभर हो जाता है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर पंचायत कार्यालय एवं चेयरमैन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार बजट न होने का हवाला देकर मामला टाल दिया गया। वहीं, दूसरी ओर नगर पंचायत द्वारा पहले से बनी सड़कों पर भी नए निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, जबकि कच्चे और अधूरे मार्गों की अनदेखी की जा रही है।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी कहा कि वे नियमित रूप से नगर पंचायत को टैक्स का भुगतान करते हैं, बावजूद इसके उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी से अधूरी इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण पूरा कराने, सीसी रोड बनवाने तथा नालियों की सफाई कराकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।
