Raybareli News: यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान का शुभारंभ, एसपी ने ट्रैफिक पुलिस वाहनों को दिखाई हरी झंडी

सीट बेल्ट, हेलमेट और वाहन के दस्तावेज साथ रखने की अपील, सुरक्षित यातायात को बताया सभी की जिम्मेदारी

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ट्रैफिक पुलिस के जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि सभी लोग यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि चार पहिया वाहन चलाते समय चालक एवं आगे बैठे यात्री अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट का प्रयोग करें। वहीं दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति भी हेलमेट अवश्य पहनें। इसके साथ ही वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से न केवल स्वयं की बल्कि अन्य लोगों की भी जान सुरक्षित रहती है। उन्होंने लोगों से तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी लापरवाहियों से बचने की अपील की।इस अवसर पर यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

जागरूकता अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस की टीमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगी और नियमों के पालन के लिए प्रेरित करेंगी।

Related posts