जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। सदर तहसील क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों से मिलने वाले पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर वाहन चालकों ने शिकायतें दर्ज कराई हैं। उनका आरोप है कि पेट्रोल भरवाने के बाद दोपहिया वाहन झटके लेने लगे, चलते-चलते बंद हो गए और इंजन की कार्यक्षमता प्रभावित हुई। कुछ उपभोक्ताओं ने ईंधन में एथेनॉल की अधिक मात्रा या गुणवत्ता में गड़बड़ी की आशंका जताई है।
रही गांव निवासी रमेश यादव समेत कई वाहन स्वामियों ने बताया कि पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद उनकी बाइक में तकनीकी दिक्कतें आने लगीं। राम प्रकाश यादव, अनिल कुमार, सुरेंद्र सिंह और राम अवतार सहित अन्य लोगों ने भी इसी तरह की शिकायतें करते हुए आर्थिक नुकसान होने की बात कही।
पीड़ितों ने जिला पूर्ति विभाग से संबंधित पेट्रोल पंपों के ईंधन के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग की जांच एवं आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
