बरगद चौराहा–मनिका रोड बनी मुसीबत, बारिश में गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा

सिविल लाइन ओवरब्रिज तक जर्जर सड़क से रोजाना हजारों लोग परेशान, व्यापारियों ने जल्द मरम्मत की उठाई मांग।

जिला रिपोर्टर  रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। नगर पालिका परिषद क्षेत्र की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल बरगद चौराहा क्रॉसिंग से मनिका रोड होते हुए सिविल लाइन ओवरब्रिज तक जाने वाला मार्ग बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की जा रही है। कई बार धरना-प्रदर्शन और शिकायतों के बावजूद अब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका है। बारिश शुरू होने के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है।

शनिवार दोपहर स्थानीय व्यापारियों ने सड़क की जर्जर हालत पर नाराजगी जताई। व्यापारी वीरेंद्र कुमार, संतराम और इसरार समेत अन्य लोगों का कहना है कि टूटी सड़क, कीचड़ और धूल के कारण ग्राहक दुकानों तक आने से बच रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इसी रास्ते से आवागमन करते हैं,

लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में वाहन चालक अचानक गड्ढों में फंस जाते हैं और हादसों का खतरा बना रहता है। नागरिकों ने प्रशासन से बरगद चौराहा क्रॉसिंग से मनिका रोड होते हुए सिविल लाइन ओवरब्रिज तक सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।

Related posts